Tuesday, August 15, 2006

हम भारत के लोग

India vividity

सर्वसाधारण को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाईयाँ।

हिन्दी चिठ्ठा जगत में कई लोगो ने अपनी बधाई और राष्ट्र के नाम संदेश दिया, और मैं यही सोचता रहा कि ऐसा क्या लिखूँ अपने चिठ्ठे पे जो कि पहले नही लिखा गया और मेरी बधाई भी ताजी रहे। इसीलिये प्रस्तुत है ये तस्वीर जो मैने अपने महाविद्यालय में (अमेरिका में) अंतर्राष्ट्रीय मेले में भारतीय बूथ के सामने लगाई थी और भारत को चंद तस्वीरों में समेटने की कशिश की थी।

चलते चलते, आज के दिन इन उज्वल शब्दों को याद कर लेना उचित होगा -

हम, भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रबुत्व-संपन्न समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिये, तथा उसके समस्त नागरिको को:
सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिन न्याय,
विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता,
प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिये,
तथा उन सबमें व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिये दृढ़संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज तारीख २६ नवंबर, १९४९ ई० (मिति मार्गशीर्ष शुक्ला सप्तमी, संवत्‌ दो हजार छह विक्रमी) को एतद्‍द्वारा इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं। [सूत्र]

Monday, August 14, 2006

कलाकार और उसकी कला

...के बीच में कभी लड़ाई हो तो कैसी होगी? शायद ऐसी होगी| डाऊनलोड यहाँ से करें| (कड़ी साभार)

चतुरायामी चलचित्र: एक अनुभव

जब से चलचित्रों का व्यवसायिक स्तर पर निर्माण शुरू हुआ, आज तक फिल्मों और चलचित्रों की तकनीकी में खासा परिवर्तन आया है। समय, अनुभव और विज्ञान नें इस कला और कला के प्रदर्शन में कई मील के पत्थर पार किये हैं। किंतु अभी तक भी - जबकि तकनीकी ज्ञान उपलब्ध है - चलचित्र द्विआयामी (2-D) पर्दे पर ही दिखाये जाते हैं। डिजिटल तकनीक के उपयोग से चित्रों और आवाज की गुणवत्ता में निस्संदेह सुधार हुआ है और हो रहा है, लेकिन चित्र अभी भी द्वियामी पर्दे पर ही त्रिआमी (3-D) वास्तविकता का आभास देने का प्रयास करते हैं।

फिर त्रियामी चलचित्रों की एक नई तकनीक आई जिसमें दो चित्रों को आंशिक रूप से एक-दूसरे के ऊपर रखा हुआ पर्दे पर प्रदर्शित किया जाता है और विशेष चश्में से दोनो को मिला कर गहराई का अनुभव होता है - जैसा कि हमारी आँखे करती है। मेरी सबसे पहली त्रियामी फिल्म "छोटा चेतन" नामक थी जो लगभग १९९५ में देखी थी। अनुभव निश्चित ही रोमांचक था।

अमेरिका में आने के बाद आई-मेक्स (I-Max) तकनीक से भी दो-चार फिल्में देखी जो कि द्वियामी ही होती है पर पर्दा इतना बड़ा होता है कि हमारे दृष्टिक्षेत्र का कोई भी हिस्सा खाली नही रहता - पर्दे की सीमायें देखने के विस्तार से बाहर होती हैं - और ऐसा महसूस होता है दर्शक भी फिल्म के दृश्यों की बीच में विराजमान है। हैरी पोट्टर की तीसरी फिल्म आई-मेक्स में त्रियामी तकनीक से देखी और अनुभव ने एक और सीमा पार की।

पर पिछले महीनों में जब यूनिवर्सल स्टूडियो हॉलिवुड (Universal Studio Hollywood) और सी-वर्ल्ड सेन-डिएगो (Sea-World San Diego) गया तो पहली बार चतुरायामी चलचित्रों (4-D) का अनुभव हुया। चतुरायामी चलचित्रों में त्रियामी चित्रों को पर्दे पर दिखाया जाता है पर आँख और कान की ज्ञानेन्द्रियों के अलावा स्पर्श और गंध की ज्ञानेन्द्रियों की भी आवश्यकता पूरी की जाती है। विशेष रूप से बनाई गयी सीटें और फर्श के कंपन, ढलाव, और हलचल से दर्शक भी फिल्म के किरदारों की तरह पर्दे की हलचल (जैसे भूकंप, गाड़ी, झटका,...) महसूस करते हैं। कुर्सी की पीठ, पैरों के पास नीचे, सामने वाली कुर्सी के पीछे, छत पर सामने लगे विशेष यंत्र समयानुसार हवा और पानी का झौंका आपकी तरफ फैकते है। कमरे में लगे हुये तंत्र फिल्म के अनुसार सुगंध, दुर्गंध, बारूद इत्यादि की गंध से कमरे को भर देते हैं। कुल मिलाकर दर्शक फिल्म के बाहर बैठकर नही बल्कि फिल्म के अंदर बैठकर किरदारों के साथ घटनाओं का अनुभव लेते हैं।

चूँकि ये अनुभव चतुरायामी अनुभव के लिये बनाई गयी विशेष फिल्मों के साथ हुये, उनमें जानकर ही उन क्रियाओं की अधिकता थी जिनको उपलब्ध चतुरायामी तकनीक से प्रभावित किया जा सके। अगर हम कुछेक वर्षों के विकास के बाद मान लें कि स्वाद प्रभावित करने का भी यंत्र बन जाये तो? यह कल्पना करने में ज्यादा बुद्धि नही चाहिये कि इस तकनीक को सभी फिल्मों में भी आराम से लगाया जा सकता है। और यदि चतुरायामी चलचित्रों को आई-मेक्स से मिला लिया जाये तो शायद जन्नत की सी अनुभुति होती होगी! और चूँकि ये अब तक नही हुआ है, प्रश्न है कि क्या लागत ही मुख्य अवरोध है, या फिर कुछ ऐसा है जिससे दो-तीन घंटो वाली फिल्मों में चतुरायामी तकनीक से होने वाली ज्ञानेन्द्रियों की अभिभूतता हमें खटकेगी? क्या दर्शकों की चैतना चलचित्रों के तकनीकी विकास की दिशा में बाधा हो सकती है?

Saturday, August 12, 2006

कोमा जो मात दे गया

लिखने में वर्तनी और व्याकरण की गलतियों से शायद ही कोई बचा हो, किंतु हम में से किसी नें इनके लिये परीक्षा में २-४ अंको के अलावा ज्यादा नही खोया है। कनाडा की एक कंपनी रोज़र्स कम्मुनिकेशन (Rogers Communications) इतनी भाग्यशाली नही थी, जिसने एक कोमा की गलती की सजा २१.३ लाख डॉलर देकर चुकाई!



हुआ यूँ कि रोज़र्स नें एलिऐंट (Aliant) से एक सेवा का पंच-वर्षीय समझौता किया २००२ में - एलिऐंट को रोज़र्स के संचार तारों को सारे खंबों से बाँधना था और उनकी मरम्मत करनी थी $९.६० प्रति खंबे की दर से। समझौते की शर्तो के अनुसार समझौता पाँच साल तक लागू रहेगा, और उसके बाद अगले पाँच साल के लिये बढ़ाया जा सकता है जबकि दोनो में से कोई भी कंपनी एक वर्षीय सूचना देकर समझौता नही तोड़ती है। सीधी सी बात, नही? पर इस वाक्य को समझौते के लेखाकारों ने ऐसे लिखा:


The agreement “shall continue in force for a period of five years from the date it is made, and thereafter for successive five year terms, unless and until terminated by one year prior notice in writing by either party.”



और यहीं रोज़र्स मात खा गया। दूसरे कोमा को (unless के पहले) देखिये। इसकी अनुपस्थिती में समझौता रद्द करना २००७ के बाद ही संभव था; इसकी उपस्थिती में पहलें पाँच सालों में भी एक-वर्षीय सूचना के साथ रद्द करना जायज़ है। एलिऐंट के तेज वकीलों ने इस पंक्ति को पकड़ा और साल भर पहले सेवा देना बंद करने की सूचना दे दी। और काम की कीमते बढ़ा दी। बेचारे रोज़र्स के वकील खिसिया रहे हैं। ये तो फिर भी एक उद्यम को हुआ जिसके लिये २१ लाख शायद ज्यादा मायने नही रखता पर फिर भी...अब व्याकरण को नई दृष्टि से देख रहा हूँ!



कड़ी साभार, पूर्ण समाचर

http://www.futilitycloset.com/2015/07/08/law-and-punctuation/

Friday, August 11, 2006

गर्भावस्था - सवाल और जवाब

प्र: क्या मैं पैंतीस के बाद बच्चे पैदा कर सकती हूँ?
उ: नही, पैंतीस बच्चे बहुत हैं।

प्र: गर्भावस्था में सबसे ज्यादा किस चीज की इच्छा होती है?
उ: कि काश औरतों की बजाय आदमी गर्भवती होते।

प्र: बच्चे के लिंग जानने के लिये सबसे अच्छा तरीका क्या है?
उ: बच्चे का जन्म।

प्र: जैसे-जैसे मेरी गर्भावस्था बढ़ती है, ज्यादा-ज्यादा अनजाने लोग मुझे देखकर मुस्कुराते हैं। क्यों?
उ: क्योंकि आप उनसे भी ज्यादा मोटी हैं।

प्र: मेरी पत्‍नी पाँच महीने से गर्भवती है, और इतनी मूडी (moody) है कि कभी वो पागल तक हो जाती है।
उ: तो प्रश्‍न क्या है?

प्र: मेरे बच्चों के डॉक्टर ने बताया कि जन्म के दौरान मैं दर्द नही दबाव महसूस करती हूँ। क्या वो सही है?
उ: हाँ, उसी तरह जिस तरह तूफान को हवा का झौंका भी कहा जा सकता है।

प्र: क्या ऐसी कोई चीज है जिससे मुझे बचना चाहिये बच्चे के जन्म के बाद?
उ: हाँ, दूसरी गर्भावस्था।

प्र: हमारा बच्चा पिछले सप्ताह पैदा हुआ। मेरी पत्‍नी कब सामान्य महसूस होना और बर्ताव करना शुरू कर देगी?
उ: जब बच्चें कॉलेज में जा चुके हों।

Thursday, August 10, 2006

चित्रों में यूनिवर्सल स्टूडियो हॉलीवुड

entrance

कुछ सप्ताह पहले मैं (दायाँ) और मेरे मित्र अंकुश (मध्य) और रवि (बायाँ) लॉस-एन्जेल्स (Los Angeles) स्थित यूनिवर्सल स्टूडियो (Universal Studio Hollywood) गये थे। अमेरिका के प्रसिद्ध चलचित्र निर्माण उद्यम यूनिवर्सल स्टूडियो की फिल्मों के आधार पर बना यह पार्क कई खेल-खिलोने समेटे हुये है। साथ ही कई असली के सेट और सामाग्री भी हैं जिन्हें कई प्रसिद्ध फिल्मों में उपयोग किया गया है। ऊपर के चित्र में हम मुख्य द्वार पर बैठे हैं और हर देसी की तरह एक "गया था-देखा था" (been there, done that) वाला चित्र खिंचवा लिया! फिर हम "जुरासिक पार्क" के सेट के आधार पर बनी नौका यात्रा पर गये।

jurassic park

अगले चित्र में हम छलांग लगाने वाली नाव की यात्रा के बाद बाहर खड़े हैं।

boat jump

"ममी" फिल्म के आधार पर एक रॉलर-कॉस्टर झूला भी बड़ा मजेदार था हांलाकि सिक्स-फ़्लैग्स (Six Flags) जैसे पार्कों के मुकाबले बहुत ही कम रोंमांचक था।

mummy ride

रास्तें मे डॉनाल्ड-डक, मिकी माऊस और भी पता नही कौन-कौन से चरित्र ऊटपटांग नाच रहे थे - और आश्चर्य की बात कि छोटे बच्चें इनके भी हस्ताक्षर ले रहे थे!

donald duck

सब खेल निपटाकर यूनिवर्सल के पुराने सेटों पर गयें। नीचे दिये चित्र को ध्यान से देखिये - क्या कमाल की चीज है। मेरा चित्र पृष्ठभूमि से थोड़ा बड़ा है वरना इसको देखकर लगता नही कि ये बहुत छोटा सांचा है जिसे फिल्मों में दूर से दिखता जहाज बना दिया जाता है।

fake facade

पूरा का पूरा शहर बनाया हुआ है कई जगह बिना ईंट और सींमेंट के सिर्फ फ़ॉम से बिलकुल असली दिखने वाला। अगले चित्र में भी पृष्ठभूमी केवल एक बड़ा सा बॉर्ड है जो कि एक नजर में असली की पहाड़ी दिखती है (हांलाकि ये सेट का हिस्सा नही)।

hollywood sign

अंत मे चलते-चलते शाम की रंगीनी को कैमरे में कैद करता ये ग्लोब:

hollywood ball

अरे हाँ, रास्ते में ये डरावने वाले भाईसाहब भी मिले थे तो हमने सोचा इनको भी जरा निबटा ही देते है!

kick it


इस यात्रा के समस्त चित्र देखनें के लिये यहाँ क्लिक करें और मेरे अन्य चित्र देखने के लिये यहाँ पधारें।

Wednesday, August 9, 2006

धागों का त्योहार

रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाऐं। व्यस्तता और पाश्चात्यीकरण की और अग्रसर हमारे इस समाज में जहाँ दीवाली के पटाखों की गूँज हल्की होती जा रही है, होली के रंग फ़ीके पड़ते जा रहें, एवं वैलेंटाईन डे करवाचौथ को पीछे धकेल रहा है, मेरी ये मनोकामना है कि राखी का सरल किंतु अपने रूप मे दुनिया में शायद अनोठा यह पवित्र त्योहार हमारे हृदय से ना रूठे।

इसी के साथ सुनिये रागा पर ये गीत और अपने भाई/बहन को याद कर लीजीये...

चित्र साभार: सर्च डॉट कॉम

Saturday, August 5, 2006

स्वर्ग या नर्क?

स्वर्ग वहाँ है जहाँ है आपके पास:

* अमेरिकन आमदनी
* ब्रितानी घर
* चीनी व्यंजन
* स्विट्जर्लेंड की अर्थव्यवस्था
* ईतालवी सेहत/शरीर
* जापानी तकनीकी
* अफ्रीकी औजार
* भारतीय पत्‍नी

नर्क वहाँ है जहाँ है आपके पास:

* अमेरिकन पत्‍नी
* ब्रितानी सेहत/शरीर
* चीनी औजार
* स्विट्जर्लेंड के व्यंजन
* ईतालवी तकनीकी
* जापानी घर
* अफ्रीकी अर्थव्यवस्था
* भारतीय आमदनी

Thursday, August 3, 2006

ठहाको का खज़ाना

पिछली प्रविष्टी के संदर्भ में मेरा अफ़वाह निर्देशिका (Urban Legend Reference Pages) पर जाना हुया। निर्देशिका लगभग सभी ई-मेल अग्रस्थ सच और झूठी खबरों और अफ़वाहों की सूची है, और उनके जन्म के बारे में यथासंभव जानकारी रखती है। ये समझ लीजीये कि ठहाकों का खज़ाना मिल गया। क्या-क्या लोग बनाते है कल्पना भी नही की जा सकती! उदाहरण के तौर पर देखिये अमेरिका में बच्चों के लिये सरकारी सहायता हेतु निवेदन पत्र की पंक्तियाँ, गरीबों द्वारा सरकारी सहायता हेतु निवेदन, महिला मित्र के तोहफा में अदला-बदली का असर, बोर होने पर सुपरस्टोर में मस्ती करने के नुस्खे, और भी बहुत कुछ! पढ़िये और कई दिनों तक मुस्कुराईये!

साथ ही कुछेक रोचक जानकारी भी है: माईक्रोवेव में पानी उबालने से मुसीबत, चीन की दीवार चाँद से नही दिखती, डाईहाईड्रोज़न-मोनोऑक्साईड के नुकसान, किस्मत का कमाल और बड़प्पन की मिसाल!

******

अन्य खबरों मे: टाईम्स के अनुसार नये अनुसंधानों द्वारा ये सिद्ध किया गया है कि सुंदर जोड़ों को लड़कियाँ होने की संभावना २५‍% तक अधिक होती है क्योंकि जीवों के विकास के दौरान सुंदरता स्त्री के लिये अच्छा वर ढूँढ़ने में सहायक रही है जबकि पुरूष को सुंदरता से कोई विशेष फायदा नही होता। अतः संबंधित जीनों का मानव में आधिपत्य हो गया है। (कड़ी साभार)

Tuesday, August 1, 2006

साबुन चाहिये श्रीमान?

चेतावनी: ऐसी जगह ना पढ़े जहाँ दिल खोलकर हँस ना सके!

आरोन्स-जोक्स से अनुवाद किया गया चुटकुला जहाँ यह शैली बर्मन (Shelly Berman) द्वारा लिखित "होटल एक मजेदार जगह" (A Hotel Is A Funny Place) से लिया गया:

------------------------------------------
प्रिय सेविका,

कृपया इन छोटे साबुनों की बट्टियों को मेरे स्नानागार में ना छोड़े क्योंकि मैं स्वयं का बड़ा सा साबुन लाया हूँ। कृपया दवाओं की अलमारी से नीचे की अलमारी में रखी छः और स्नानागार की साबुनदानी में रखी तीन बिना खुली बट्टियाँ हटा लें, वे मेरें काम करने के रास्ते में आ रहीं हैं।

धन्यवाद,
शैली बर्मन
------------------------------------------
प्रिय कमरा क्रमांक ६३५,

मैं आपकी रोजमर्रा की सेविका नही हूँ, वह तो अपनी छुट्टी के बाद से कल आयेगी। जैसा आपने कहा वैसे मैने तीन साबुन की बट्टियाँ साबुनदानी से हटा दी हैं। अलमारी में रखी हुई छ: बट्टियाँ मैने आपके रास्ते से हटाकर क्लीनेक्स के डब्बे के ऊपर रख दी गई है अगर आपके विचार बदलें तो। इसके बाद मैने जैसा कि मुझे प्रबंधन से निर्देश है उसके अनुसार तीन बट्टियाँ स्नानागार में रख दी गई हैं। आशा करती हूँ कि आप संतुष्ट होगें।

कैथी, अस्थाई सेविका
------------------------------------------
प्रिय सेविका - मैं आशा करता हूँ कि तुम मेरी नियत सेविका हो

लगता है कैथी ने तुम्हें साबुन की बट्टियों के बारे में मेरे पत्राचार के बारे में नहीं बताया। जब मैं आज शाम अपने कमरे पर लौटा तो पाया कि तुमने ३ कैमे मेरी दवाओं की अलमारी के नीचे वाली अलमारी में रख दिये हैं। मैं इस होटल में दो सप्ताह रुकने वाला हूँ और इसीलिये खुद का बड़ा सा साबुन भी लाया हूँ, अतः मुझे ये छः कैमे की बट्टियाँ नही चाहिये जो अलमारी में हैं। वे मेरे दाढ़ी बनाने और मंजन करने के रास्ते में पड़ती हैं, कृपया उनहे हटा लें।

शैली बर्मन
------------------------------------------
श्रीमान बर्मन जी,

सहायक प्रबंधक श्री केंसेडर ने मुझे सूचित किया कि आपने उनहें कल शाम को फोन करके बताया कि आप अपने कमरें में सेविका की सेवा से संतुष्ट नही हैं। अतः मैने एक नई लड़की आपके कमरे के लिये निर्युक्त की है। मेरी आशा है कि आप पिछली परेशानी को क्षमा कर देंगें। अगर और की समस्या होतो मुझे प्रातः ८ से सायं ५ तक ११०८ पर संपर्क करें।

धन्यवाद
ईलेन कार्मेन
सेवा प्रबंधक
------------------------------------------
प्रिय कार्मेन

आपको फोन से संपर्क करना मेरे लिये असंभव है क्योंकि मैं काम की वजह से होटल से प्रातः ७:४५ बजे निकल जाता हूँ और सायं ५:३० या ६:०० से पहले नही लौट पाता। इसी कारण मैनें श्री केंसेडर को फोन किया था। आप पहले ही घर जा चुकी थी। मैने श्री केंसेडर से सिर्फ यही पूछा था कि वो इन साबुन की बट्टियों के बारें में कुछ कर सकते हैं क्या? आपने जो नई सेविका भेजी है उसने सोचा होगा कि मैं आज ही होटल में नया आया हूँ क्योंकि वो स्नानागार में तीन साबुन के अलावा मेरी दवा की अलमारी में भी तीन बट्टियाँ रख गई है। केवल ५ दिनों में मैने साबुन की २४ छोटी बट्टियाँ इकठ्ठी कर ली हैं। आप मेरे साथ ऐसा क्यों कर रही है?

शैली बर्मन
------------------------------------------
श्रीमान बर्मन जी,

आपकी सेविका कैथी को यह निर्देश दे दिया गया है कि वो आपके कमरें में साबुन पहुँचाना बंद कर दे और अतिरिक्त साबुन को हटा दे। अगर और की समस्या होतो मुझे प्रातः ८ से सायं ५ तक ११०८ पर संपर्क करें।

धन्यवाद
ईलेन कार्मेन
सेवा प्रबंधक
------------------------------------------
श्री केंसेडर जी,

मेरा बड़ा वाला साबुन मिल नही रहा है। मेरे कमरे से साबुन की हर एक बट्टी हटा ली गई है, मेरे खुद के बड़े साबुन की भी। कल रात जब मैं आया तो मुझे चौकीदार को बुलाकर ४ छोटे काशमीरी बुके साबुन मगाँना पड़ा।

शैली बर्मन
------------------------------------------
श्री बर्मन जी,

मैने होटल की सेवा प्रबंधक ईलेन कार्मेन को आपकी साबुन की समस्या से अवगत करा दिया है। मुझे ये समझ में नही आता कि आपके कमरें में साबुन कैसे नही था क्योंकि हमारी सेविकाओं को रोज तीन बट्टियाँ छोड़ने का निर्देश है। आपकी स्थिती का जल्दी ही समाधान किया जायेगा। परेशानी के लिये मुझे क्षमा करें।

मार्टिन केंसेडर
सहायक प्रबंधक
------------------------------------------
प्रिय कार्मेन जी,

किस गधे ने मेरे कमरे में कैमे की ५४ छोती टिकियाऐं रखी? कल रात जो मैं जब आया तो ५४ साबुन की बट्टियाँ पाई। मुझे ५४ बट्टियाँ नही चाहिये। मुझे सिर्फ मेरा बड़ा वाला साबुन चाहिये। क्या आपको अहसास है कि मेरे पास ५४ साबुन की बट्टियाँ है? मुझे केवल मेरा वाला साबुन चाहिये। कृपया मेरा वाला साबुन दें दे।

शैली बर्मन
------------------------------------------
श्रीमान बर्मन,

पहले आपने अपने कमरे में बहुत ज्यादा साबुन की शिकायत की तो मैने उनहे हटवा दिया। फिर आपने श्री केंसेडर से शिकायत की आपके पास साबुन नही तो मैने खुद उन्हे लौटा दिया - २४ कैमे जो पहले हटाया था और तीन बट्टियाँ जो आपको रोज मिलनी चाहिये थी। मुझे ४ काशमीरी बुके के बारे में कुछ नही पता। निश्चित ही सेविका कैथी को ये पता नही था कि मैं आपके साबुन लौटा आई हूँ, अतः वह भी २४ कैमे और तीन रोज के हिस्से के साबुन रखा आई। मुझे ये पता नही कि आपको ये खयाल कहाँ से आ गया कि इस होटल में बड़ा वाला साबुन दिया जाता है। मुझे एक दूसरा बड़ा साबुन मिला जो मैं आपके कमरें में रख आई हूँ।

ईलेन कार्मेन
सेवा प्रबंधक
------------------------------------------
प्रिय कार्मेन जी,

मैने सोचा कि आपको मैं अपने साबुनों के खजाने के बारे में नई जानकारी दे दूँ। आज के दिन मिला कर मेरे पास है:

  • दवाईयों की अलमारी के नीचे वाली अलमारी में - ४ की ४ गड्डीयों और २ की १ गड्डी मे १८ कैमे
  • क्लीनेक्स के डब्बे पर - ४ की २ गड्डीयों और ३ की १ गड्डी मे ११ कैमे
  • शयनकक्ष के बगल में - ३ काशमीरी बुके १ गड्डी में, ४ होटल द्वारा दिये गये बड़े साबुन की १ गड्डी, और ४ की २ गड्डियों मे ८ कैमें
  • दवाई वाली अलमारी में - ४ की ३ गड्डियों मे और २ की १ गड्डी में १४ कैमे
  • स्नानागार की साबुनदानी में - ६ कैमे, बहुत गीले
  • टब के उत्तर-पूर्वी कोने पर - १ काशमीरी बुके, थोड़ा इस्तेमाल किया गया
  • टब के उत्तर-पश्चिमी कोने पर - ३ की २ गड्डियों में छ कैमे
कृपया कैथी से कहियेगा कि जब वो सफाई करे तो ध्यान रखे कि गड्डियाँ साफ-सुथरी हैं और जमीं हैं। उसे यह भी सलाह दीजीयेगा कि ४ से बड़ी गड्डियों की गिरने की संभावना होती है। क्या मैं आपको सलाह दे सकता हूँ कि मेरे शयनकक्ष की खिड़की की पट्टी की जगह अभी खाली है और भविष्य की साबुन रखने की अच्छी जगह साबित होगी। एक और बात, मैने अपने लिये एक और बड़ा वाल साबुन खरीद लिया है जिसे कि मैं होटल के लॉकर में रख रहा हूँ जिससे की आगे से कोई गलतफहमीं ना हो।

शैली बर्मन
------------------------------------------

इस पन्ने के अनुसार यह एक सच घटना नही है बल्कि बनाई हुई है। हाँलाकि इससे चुटकुले का मजा कम नही हो जाता!

Indian Passport Renewal from USA - A Step by Step Guide [Feb-2026]

This post is intended as working guide for renewing Indian Passport while you are overseas. I had relied extensively on NRI sub-reddit , bes...